जब भोजपुरी सिनेमा के सेंस ऑफ ह्यूमर से नहीं बच सके अनुष्का-विराट कोहली

भोजपुरी सिनेमा सेंस ऑफ ह्यूमर के मामले में हर किसी को पीछे छोड़ रहा है। विशेषकर भोजपुरी गायकों और संगीतकारों की सोच के आगे बॉलीवुड और हॉलीवुड भी पानी मांगने लगेंगे। देश विदेश में कोई बड़ी घटना घटती नहीं है कि उसको लेकर भोजपुरी गानों की बाढ़ आ जाती है। हाल में ही में एक दूजे के हुए विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी पर पूरे देश की निगाहें थीं। शादी से लेकर रिसेप्शन तक के बारे में हर कोई जानने को उत्सुक था। मगर इस बीच एक चीज पर शायद ही किसी का ध्यान गया हो आइए हम बताते हैं कि क्या है मामला। एक तरफ विराट और अनुष्का अपनी जिंदगी का सबसे अनमोल फैसला ले रहे थे, वहीं भोजपुरी संगीतकार उनसे जुड़ी कहानियां तलाशकर संगीतबद्ध कर रहे थे। इधर अनुष्का और विराट ने 11 दिसंबर को इटली में शादी की वहीं दूसरी ओर भोजपुरी गानों की एक लंबी फेहरिस्त यू-ट्यूब पर दस्तक दे चुकी थी। अगर आप यू-ट्यूब पर सिर्फ अनुष्का विराट भोजपुरी सांग भी टाइप करेंगे तो पूरी की पूरी भोजपुरी गानों की सीरिज आपके सामने आ जाएगी।

व्यूअरशिप देख चौंक जाएंगे
भोजपुरी के इन गानों को लोग हाथों-हाथ ले रहे हैं। इनकी लोकप्रियता का आलम यह है कि 13 दिसंबर को यू-ट्यूब पर अपलोड हुए कोहली भइलें भतार अनुष्का के  गाने को यह खबर लिखे जाने तक 47,12,738 लोगों ने देख लिया था। यही हाल अन्य गानों का भी है। जिसको लाखों की संख्या में लोग रहे हैं।

खांटी भोजपुरी शब्दों का किया गया है प्रयोग
भोजपुरी गानों के शब्दों को लेकर तमाम आलोचनाएं होती हैं। मगर इनमें से कई शब्द ऐसे होते हैं जो बिल्कुल खांटी भोजपुरी के होते हैं और वह सामाजिक दृष्टि से आलोचना के केंद्र में आ जाते हैं। कई गानों में भतार शब्द का प्रयोग किया गया है, यह शब्द आमतौर बहुत कम प्रयोग किया जाता है मगर इसका अर्थ होता है पति। भोजपुरी गानों में अक्सर पति, हसबैंड का प्रयोग नहीं बल्कि भतार शब्द का ही किया जाता है।

नए गानों में क्या है विशेष
अनुष्का विराट को लेकर तैयार इन गानों की सीरिज में दोनों को लेकर बहुत सी बातें कही गई हैं। गानों में टीम इंडिया को मिली असफलताओं का जिम्मेदार ठहराया जा रहा है तो कई गानों में जमकर तारीफ की जा रही है। गौरतलब है कि अनुष्का और विराट जबसे एक दूसरे के करीब आए हैं तबसे अनुष्का अधिकांश मैचों को देखने स्टेडियम में मौजूद होती हैं। कोहली और टीम इंडिया की खराब परफार्मेंस पर अक्सर अनुष्का सोशल मीडिया पर लोगों की आलोचनाओं का शिकार होती रहती हैं।अनुष्का के प्रति गंदी मानसिकता का भी है असर हमारे समाज की गंदी मानसिकता शायद इससे ज्यादा नहीं हो सकती। लड़कियों के चरित्र पर अंगुली उठाने वाले समाज का प्रतिबिंब इन भोजपुरी गानों में देखने को मिल सकता है। कुछ गानों में अनुष्का की पिछली निजी जिंदगी को लेकर अनाप-शनाप आरोप लगाए हैं।


नोट- projexisnews.com वेब पोर्टल पर 24 दिसंबर 2017 को प्रकाशित किया गया


Comments